नागपुर एयरपोर्ट का जीएमआर एरोटेक को हस्तांतरण, विदर्भ के विकास को मिलेगी नई उड़ान
नागपुर: मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी तथा केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू की उपस्थिति में डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का संचालन मिहान इंडिया लिमिटेड से जीएमआर एरोटेक को हस्तांतरित किया गया। इस महत्वपूर्ण कदम को नागपुर, विदर्भ और मध्य भारत के आर्थिक विकास के लिए एक ऐतिहासिक निर्णय माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि नागपुर और आसपास के क्षेत्रों में विमानन, रक्षा विनिर्माण, ऑटोमोबाइल तथा रखरखाव कमान जैसे क्षेत्रों में बड़े निवेश हो रहे हैं। एयरपोर्ट के विकास से कृषि, पर्यटन और उद्योगों को नई गति मिलेगी तथा नागपुर आर्थिक विकास के प्रमुख केंद्र के रूप में उभरेगा।
उन्होंने बताया कि भविष्य की जरूरतों को देखते हुए एयरपोर्ट पर दो रनवे और यात्री व कार्गो परिवहन के लिए दो टर्मिनल आवश्यक हैं। जीएमआर एरोटेक को हस्तांतरण के बाद इन परियोजनाओं का मार्ग प्रशस्त हो गया है। एयरपोर्ट को मेट्रो और सड़क नेटवर्क से बेहतरीन कनेक्टिविटी मिली हुई है तथा भविष्य में और बेहतर संपर्क व्यवस्था विकसित की जाएगी।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि नागपुर देश के मध्य में स्थित होने के कारण एक महत्वपूर्ण लॉजिस्टिक हब है। यहां से देश के चारों प्रमुख महानगरों तक कम समय में पहुंचा जा सकता है। एयरपोर्ट के विस्तार और दूसरे रनवे के निर्माण से कार्गो परिवहन और निर्यात को बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा।
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने कहा कि यह केवल एयरपोर्ट का हस्तांतरण नहीं बल्कि विदर्भ के विकास का नया "टेक-ऑफ" है। नागपुर एयरपोर्ट भविष्य में यात्री परिवहन के साथ-साथ उद्योग और कार्गो हब के रूप में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा, जिससे पूरे क्षेत्र के आर्थिक विकास को नई दिशा मिलेगी।

0 Comments