जंतर-मंतर के बाद अब पुणे में गरजेगी कॉक्रोच जनता पार्टी, 11 जून को विश्वविद्यालय परिसर में आंदोलन
दिल्ली के जंतर-मंतर पर आयोजित कॉक्रोच जनता पार्टी (CJP) के पहले राष्ट्रीय आंदोलन को युवाओं का जबरदस्त समर्थन मिला। इस आंदोलन ने बेरोजगारी, शिक्षा, पारदर्शिता और व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर युवाओं की आवाज को राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाने का काम किया। आंदोलन में पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके स्वयं शामिल हुए और उन्होंने युवाओं को संगठित होकर व्यवस्था में बदलाव लाने का आह्वान किया।
जंतर-मंतर पर मिली सफलता और बढ़ते जनसमर्थन के बाद अब कॉक्रोच जनता पार्टी ने अपने अगले बड़े आंदोलन की घोषणा कर दी है। पार्टी की ओर से बताया गया है कि 11 जून को दोपहर 4 बजे पुणे स्थित सावित्रीबाई फुले पुणे यूनिवर्सिटी में आंदोलन आयोजित किया जाएगा।
पार्टी का दावा है कि यह आंदोलन युवाओं, छात्रों और बेरोजगारों के विभिन्न मुद्दों को लेकर किया जाएगा। संगठन के अनुसार, पिछले कुछ समय में सोशल मीडिया और विभिन्न शहरों में युवाओं के बीच पार्टी को तेजी से समर्थन मिल रहा है, जिसके चलते पुणे आंदोलन को लेकर भी उत्साह का माहौल है।
कॉक्रोच जनता पार्टी का कहना है कि उनका उद्देश्य युवाओं को लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने के लिए एक मंच उपलब्ध कराना है। जंतर-मंतर पर हुए आंदोलन में बड़ी संख्या में युवाओं की भागीदारी देखने को मिली थी और अब पुणे में भी इसी तरह की सहभागिता की उम्मीद जताई जा रही है।
11 जून को होने वाला यह आंदोलन पार्टी के विस्तार और उसके बढ़ते जनाधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि पुणे में होने वाले इस कार्यक्रम को युवाओं से कितना समर्थन मिलता है।

0 Comments