देवरी में दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रक की चपेट में आए दो बाइक सवार, दोनों के पैरों में गंभीर फ्रैक्चर
देवरी | देवरी के रानी दुर्गावती चौक पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। रोड क्रॉस कर रहे दो मोटरसाइकिल सवार एक ट्रक की चपेट में आ गए, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोटरसाइकिल क्रमांक CG 08 AA 7869 पर सवार दो व्यक्ति रानी दुर्गावती चौक पर सड़क पार करने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक क्रमांक CG 04 PG 7314 ने उन्हें टक्कर मार दी। दुर्घटना में दोनों व्यक्तियों के पैरों में गंभीर फ्रैक्चर हुआ है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों बाइक सवार कथित रूप से शराब के नशे में थे। घायलों की पहचान चन्द्रभान उड़के (40 वर्ष) तथा परमलाल पदौंती (लगभग 35 वर्ष), दोनों निवासी बेलगांव (तहसील देवरी) के रूप में हुई है।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को देवरी अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें आगे के इलाज के लिए गोंदिया जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही देवरी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों के नंबरों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया। पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश कर रही है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है।
स्थानीय नागरिकों ने रानी दुर्गावती चौक पर बढ़ते सड़क हादसों को देखते हुए यातायात व्यवस्था को और सुदृढ़ करने की मांग की है।

0 Comments